दैनिक भास्कर ने चांदनी चौक के खारी बावली में राजहंस सोप मिल्स प्राइवेट लिमिटेड में आयकर विभाग की छापेमारी की ख़बर को पहले पन्ने पर लिया है.
अख़बार लिखता है कि अब तक 50 करोड़ रुपए की गिनती हो चुकी है लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि गिनती सौ करोड़ रुपए के पार जा सकती है. साबुन और सूखे मेवों की इस छोटी सी दुकान की बेसमेंट में क़रीब 300 लॉकर्स मिले हैं.
आश्रय गृह से लड़कियाँ लापता
दिल्ली के दिलशाद गार्डेन स्थित संस्कार आश्रम से गायब हुई नौ लड़कियों की ख़बर को दैनिक हिन्दुस्तान ने अपने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अख़बार लिखता है संस्कार आश्रम से बीते शनिवार और रविवार की रात से नौ लड़कियां ग़ायब हैं.
आश्रय गृह के अधिकारियों को भी नहीं पता है कि ये लड़कियां कहां हैं और कैसे ग़ायब हो गई. इस मामले में जीटीबी एन्क्लेव थाने में मामला दर्ज किया गया है.
अख़बार ने शाहदरा की डीसीपी मेघना यादव के हवाले से लिखा है कि इन ग़ायब नौ लड़कियों में से एक लड़की नाबालिग़ है. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने डिस्ट्रिक्ट ऑफ़िसर और आश्रय गृह के अधीक्षक के तत्काल निलंबन के आदेश दे दिए हैं.
25 दिसंबर से चल सकती है देश की सबसे तेज़ ट्रेन
दैनिक जागरण ने ट्रेन-18 से जुड़ी ख़बर को पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है. ट्रायल के दौरान 180 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से दौड़ने वाली ये ट्रेन 25 दिसंबर को लॉन्च हो सकती है. इस इंजन रहित ट्रेन को सबसे पहले नई दिल्ली से वाराणसी रूट पर चलाए जाने की संभावना है.
रेल मंत्रालय का कहना है कि 25 दिसंबर को दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन होता है और क्रिसमस भी. ऐसे में अगर ये ट्रेन उस दिन शुरू होती है तो यह पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि होगी.
नेशनल हेराल्ड की संपत्ति ज़ब्त
इंडियन एक्सप्रेस ने नेशनल हेराल्ड की संपत्ति ज़ब्त किए जाने की ख़बर को प्रमुखता से छापा है.
अख़बार लिखता है कि प्रवर्तन निदेशालय ने पंचकूला स्थित नेशनल हेराल्ड की ज़मीन ज़ब्त कर ली है. कार्रवाई एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग के तहत की गई. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह ने यह ज़मीन नेशनल हेराल्ड को आवंटित की थी.
कश्मीर के पुलवामा में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद से जुड़े 10 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है. इन लोगों के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है. आशंका जताई जा रही है कि ये लोग आने वाले समय में किसी बड़ी और ख़तरनाक गतिविधि को अंजाम देने वाले थे. इस ख़बर को अमर उजाला ने पहले पन्ने पर लिया है.
No comments:
Post a Comment